बिजोलिया। (नरेश धाकड़)
नगर पालिका क्षेत्र में मेवाड़ा गेस्ट हाउस से विंध्यवासिनी शक्तिपीठ मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के तहत सीमेंट रोड का निर्माण कराया गया है। नगर पालिका के अनुसार इस कार्य पर लाखों रुपए खर्च किए गए हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। लेकिन निर्माण के बावजूद सड़क का अपेक्षित लाभ अभी नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां सड़क निर्माण पूरा हो चुका है, वहां दोनों ओर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। दुकानों पर आने वाले ग्राहक वाहन कहीं भी खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है। वहीं निर्माण के दौरान सड़क का करीब 10 फीट हिस्सा खाली छोड़ दिया गया है, जो पिछले करीब 10 दिनों से बंद पड़ा है।

इसके अलावा बसों की आवाजाही अधिक होने से बार-बार यातायात जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था व सीमा तय की जाए, ताकि सड़क का सही उपयोग हो सके और यातायात सुचारु रहे।
