22 सूत्री मांगों को लेकर प्राचार्यों ने खोला मोर्चारेसा के बैनर तले उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान और प्राचार्यों की 22 सूत्री मांगों को लेकर राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद (रेसा) ने शाहपुरा में आवाज बुलंद की। परिषद के बैनर तले ब्लॉक शाहपुरा के प्राचार्यों एवं पीईईओ ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों ने कहा कि विद्यालयों के सुचारु संचालन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लंबे समय से लंबित विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान आवश्यक है। परिषद द्वारा प्रस्तुत 22 सूत्री मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई किए जाने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यालयों में कार्यरत अधिकारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी शाहपुरा को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने तथा आवश्यक कार्रवाई करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए प्राचार्यों और पीईईओ की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया जाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर ईश्वर लाल मीणा, विष्णु कुमार वैष्णव एवं शंकर लाल जाट सहित ब्लॉक शाहपुरा के अनेक प्राचार्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में परिषद की 22 सूत्री मांगों का समर्थन करते हुए इनके शीघ्र निराकरण की अपेक्षा व्यक्त की।
प्राचार्यों ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे, जिससे विद्यालयों के संचालन में आ रही कठिनाइयों का समाधान हो सके और शिक्षा की गुणवत्ता को नई गति मिल सके।



