मशाल के साथ विकसित भारत का संकल्प, बैरवा ने कांग्रेस पर लगाए हार के बहाने बनाने के आरोप

भीलवाड़ा में सेवा ज्योति यात्रा, बैरवा के निशाने पर कांग्रेस और ईवीएम विवाद
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
विकसित भारत के संकल्प और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को भीलवाड़ा शहर में निकली सेवा ज्योति यात्रा राजनीतिक संदेशों से भी सराबोर रही। अग्रवाल उत्सव भवन से मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा को रवाना करने वाले उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने जहां केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक प्रहार भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब-जब चुनाव हारती है, तब-तब हार के लिए कोई न कोई बहाना तलाशती है।

बैरवा ने कहा कि आज देश के 18 से अधिक राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, जबकि कांग्रेस की स्थिति पहले की तुलना में काफी कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के साथ है और इसी जनसमर्थन के कारण पार्टी का विस्तार लगातार हुआ है। कांग्रेस की ओर से चुनाव परिणामों पर सवाल उठाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि हार के बाद कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी, कभी प्रशासन और कभी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने के आरोप लगाए जाते हैं।
‘हर हार के बाद कांग्रेस को याद आती है ईवीएम’
भीलवाड़ा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की ओर से लगाए गए वोट चोरी के आरोप और धरना-प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करने के बजाय अलग-अलग कारणों को सामने रखती रही है।
कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश के उस बयान, जिसमें बैलेट पेपर से चुनाव होने पर वर्ष 2029 में भाजपा का सफाया होने की बात कही गई थी, पर प्रतिक्रिया देते हुए बैरवा ने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव हारती है तो कभी ईवीएम और कभी बैलेट पेपर की बात करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के लिए व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर विचार करना चाहिए।
दूदू में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विरोध पर भी बोले बैरवा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को दूदू में विरोध का सामना किए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी दूदू में विरोध हुआ है और उन्हें लगता है कि आने वाले समय में कांग्रेस को हर जगह इसी तरह के विरोध का सामना करना पड़ सकता है।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के संगठन और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। बैरवा ने अपने बयान के जरिए कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक परिस्थितियों पर भी निशाना साधा।
‘मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूरे’
सेवा ज्योति यात्रा के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बैरवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और इसके बाद प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करते हुए भारत का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, अनुच्छेद 370, राम मंदिर और तीन तलाक कानून जैसे विषयों को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया।
बैरवा ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा, सेवा, समर्पण और सुशासन के हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है।
मशाल के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवाल उत्सव भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन से हुई। उपमुख्यमंत्री बैरवा सहित मौजूद जनप्रतिनिधियों और जनसमूह ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद बैरवा ने मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा अधिकाधिक लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा अग्रवाल उत्सव भवन से शुरू होकर महात्मा गांधी चिकित्सालय रोड, सेवा सदन, सूचना केंद्र और बालाजी मार्केट होते हुए गोल प्याऊ चैराहे तक पहुंची। यहां मशाल स्थापित कर यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
मंच पर राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी
कार्यक्रम में मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जनप्रतिनिधि विष्णु चेचाणी, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी, महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने उपमुख्यमंत्री बैरवा का उपरना पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रहलाद त्रिपाठी ने किया। समारोह के अंतिम चरण में राज्य स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उपमुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने मंच पर सम्मान किया। आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, सुरेंद्रसिंह मोटरास, मंजू चेचाणी, आरती कोगटा, ऋतुशेखर शर्मा और मुकेश सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।



