BHILWARA

हनुमान जन्मोत्सव पर शोक्या खेड़ा में उमड़ी अपार भीड़, भजन संध्या, नृत्य और जुलूस के साथ दो दिन तक चला भव्य आयोजन”

“

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम शोक्या खेड़ा स्थित सागर के हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम के प्रथम दिन बुधवार रात्रि बजरंग नवयुवक मंडल के तत्वावधान में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद देर रात तक भक्ति रस की सरिता बहती रही।
भजन संध्या में बाहर से पधारे सुप्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक सीताराम लाकड़ा ने गायिका सोनम गुजरी के साथ “जय बजरंग बली, संकट हरन मंगलकारी…” जैसे भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया।
इस दौरान नृत्यांगना आशा मीणा एवं पलक राजस्थानी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया, वहीं कॉमेडियन मुकेश छैला ने अपनी हास्य प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता शैलेन्द्र सिंह शक्तावत एवं मुख्य अतिथि के रूप में युवा कांग्रेस नेता सांवर मल मीणा मौजूद रहे। इस अवसर पर शक्तावत ने 11,000 रुपये तथा सांवर मल मीणा ने 5,100 रुपये की सहयोग राशि बजरंग नवयुवक मंडल को भेंट की।
आयोजन बजरंग नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भजन संध्या के दौरान “जय श्री राम” एवं “जय बजरंग बली” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम में ध्वनि व्यवस्था अंबिका साउंड सिस्टम, जहाजपुर द्वारा की गई, जबकि हाड़ौती ब्रदर्स के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया।
दूसरे दिन गुरुवार को मंदिर परिसर में केक काटकर उत्सव मनाया गया, जिसके बाद डीजे की धुन पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन गुरुदेव रामप्रिय दास महाराज (वृंदावन) के सानिध्य में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button