सड़क किनारे खड़े डंपर में घुसी बाइक, युवक की मौत

BHILWARA
Spread the love

सलावटिया (विकास जैन)। इंद्रपुरा के निकट शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा धर्मकांटे के पास सड़क पर खड़े डंपर से टकराने के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार तिलस्वां निवासी पूरण रैगर अपनी इलाजरत पत्नी से मिलने बिजोलिया के किस बाइक पर घर से निकला था। इसी दौरान इंद्रपुरा के पास स्थित धर्मकांटे पर तुलाई के लिए सड़क पर खड़े डंपर में उसकी बाइक जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कस्बे की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि धर्मकांटे के बाहर सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। पूर्व में भी कई दुर्घटनाओं में लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से धर्मकांटे के बाहर खड़े होने वाले वाहनों पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।