रात के सन्नाटे में आबादी तक पहुंचा लेपर्ड, वीडियो आने के बाद ग्रामीणों में बढ़ी दहशत

BHILWARA
Spread the love



बिजौलियां उपखंड क्षेत्र के माजी साहब का खेड़ा गांव में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी क्षेत्र के समीप एक लेपर्ड नजर आया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

गांव निवासी गोपाल धाकड़ ने बताया कि वह रात करीब 11:30 बजे डंपर लेकर गांव पहुंचा था। इसी दौरान श्मशान घाट के पास खजूर के पेड़ की आड़ में एक लेपर्ड बैठा दिखाई दिया। वाहन की रोशनी पड़ते ही वह कुछ देर तक वहीं रुका और फिर पास के खेतों की ओर बढ़ गया। इस दौरान गोपाल ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के नजदीक पहली बार इस तरह लेपर्ड की मौजूदगी देखी गई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि लेपर्ड आसपास के वन क्षेत्र से भटककर आबादी तक पहुंच गया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल मौके पर टीम भेजने, क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार पिंजरा लगाकर लेपर्ड का सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।