कार्यक्रम में विधायक गोपाल खंडेलवाल एवं जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू हुए शामिल
महावीर वैष्णव महुआ मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने महुआ ग्राम में आयोजित VB-G RAM G (विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के संकल्प को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित VB-G RAM G (विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) ग्रामीण भारत के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान “हमारा गांव, हमारी योजना – हमारा विकास” की भावना को साकार करते हुए ग्राम स्तर पर जनभागीदारी, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन एवं आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने यह भी कहा कि नरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार और VB-G RAM G के माध्यम से 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह मिशन ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका का मजबूत आधार बनेगा। यह मिशन ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी के साथ योजनाबद्ध विकास को गति देगा तथा ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर विधायक खंडेलवाल ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी भावनात्मक एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू, एडीएम प्रतिभा देवठिया, उपखंड अधिकारी स्वाति झा, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, मांडलगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्याम लाल अहीर, महुआ प्रशासक कमला देवी खटीक, मुकुंदपुरिया प्रशासक हरजी रेबारी, मोटरों का खेड़ा प्रशासक मूलचंद रेबारी, श्रीनगर प्रशासक रामलाल भील, मंडल मंत्री चंदा देवी प्रजापत, बूथ अध्यक्ष सुरेश नाथ योगी सहित भाजपा पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के निर्माण, ग्रामीण विकास को गति देने तथा पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
