BHILWARA

बकरियों को पानी पिलाने गई दो बालिकाएं बनास नदी में डूबीं, एक का शव मिला, दूसरी की तलाश जारी


बीगोद। सुरेश । बड़लियास थाना क्षेत्र के नाहरगढ़ गाँव के पास से गुजर रही बनास नदी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बकरियों को पानी पिलाने गई दो सहेलियां नदी में डूब गईं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी के दौरान एक बालिका का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरी की तलाश एसडीआरएफ की टीम कर रही है।



थाना पुलिस के अनुसार, नाहरगढ़ निवासी अंशु कंवर (17) पुत्री भंवर सिंह और तनु (18) पुत्री कैलाश सेन बकरियों को पानी पिलाने नदी किनारे गई थीं। इस दौरान तनु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में अंशु भी नदी में कूद पड़ी, लेकिन दोनों ही पानी के तेज बहाव में डूब गईं।



सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, जिसमें अंशु कंवर का शव बरामद कर बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। वहीं, दूसरी बालिका तनु सेन की तलाश मांडलगढ़ से पहुंची एसडीआरएफ की टीम कर रही है।

हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गत दिनों मातृकुंडिया बांध से छोड़े गए पानी के चलते नदी में पानी का स्तर बढ़ गया था, जिससे हादसा हुआ।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button