BHILWARA

जयपुर में लगे ‘लापता शिक्षा मंत्री’ के पोस्टर:नीरजा मोदी में बच्ची के सुसाइड के 38 दिन बाद भी एक्शन नहीं हुआ, नाराज लोगों ने लगाए


जयपुर । जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में चौथी क्लास की बच्ची अमायरा के सुसाइड केस मे 38 दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी नाराजगी के चलते सोमवार को शहर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के ‘लापता’ होने के पोस्टर लगाए गए। ये पोस्टर शहर के कई चौराहों, बस स्टॉप और मुख्य सड़कों पर लगाए गए हैं।

पोस्टर में लिखा है कि राजस्थान के सभी माता-पिता मंत्री की तलाश कर रहे हैं। एक प्राइवेट स्कूल में छोटी सी बच्ची ने अपनी जान दे दी। और मदन दिलावर कुछ करने के बजाय भाग खड़े हुए। सुनने में आया है कि स्कूल ने इनके विभाग को अंदर ही नहीं घुसने दिया।

पोस्टर लगाने वाली परिवर्तन संस्था की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया- नीरजा मोदी स्कूल में अमायरा ने बुलिंग से परेशान होकर अपनी जान दे दी। सीबीएसई रिपोर्ट में भी स्कूल की लापरवाही स्पष्ट है, लेकिन शिक्षा मंत्री इस पूरे मामले में अनुपस्थित हैं।



पोस्टर के साथ दिखे परिवर्तन संस्था के अध्यक्ष आशुतोष रांका ने कहा- राजस्थान के शिक्षा मंत्री पिछले दो साल से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अनुपस्थित रहे हैं। उन्होंने झालावाड़ में स्कूल गिरने से बच्चों की मौत, दूध पाउडर घोटाला, किताबों की समय पर अनुपलब्धता और एसआईआर नियमों के कारण शिक्षकों की आत्महत्या जैसी घटनाएं हुईं। अमायरा मामले में भी यही स्थिति बनी हुई है।

72 घंटे में कठोर कार्रवाई करने के लिए कहा

आशुतोष रांका ने चेतावनी दी है कि अगर अगले 72 घंटों में नीरजा मोदी स्कूल के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरे शहर में शिक्षा मंत्री मदन सिंह दिलावर का यह लापता वाला पोस्टर लगाए जाएंगे।

दरअसल, जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में 1 नवंबर को चौथी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा अमायरा ने स्कूल बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार का आरोप है कि बच्ची को स्कूल में लगातार बुलिंग का सामना करना पड़ रहा था।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button