BHILWARA

मांडलगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा पकड़ा, स्टॉप स्टिक से टायर फटने के बाद भी आधा किलोमीटर तक दौड़ती रही पिकअप


मांडलगढ़ ।
जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना  पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता अर्जित की। पुलिस ने 5 क्विंटल 11 किलो डोडा चूरा से भरी एक पिकअप वाहन को जप्त किया, जबकि उसका चालक पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।

यह कार्रवाई चित्तौड़गढ़ एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा मिली पुख्ता सूचना के बाद की गई। सूचना में बताया गया था कि बेगू क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा चूरा लेकर एक पिकअप मांडलगढ़ की ओर रवाना हुई है और टहला गांव की तरफ पहुंचने वाली है।

थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा टीम के साथ टहला पहुंचकर नाकाबंदी में जुट गए। कुछ देर बाद तेज रफ्तार पिकअप दिखाई दी। उसे रोकने के लिए पुलिस ने सड़क पर स्टॉप स्टिक बिछाई, जिससे वाहन के दोनों आगे के टायर फट गए। इसके बावजूद चालक ने जोखिम भरी गति से वाहन को लगभग आधा किलोमीटर तक भगाया और मौके से पैदल ही फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह जंगल की आड़ में ओझल हो गया।

पिकअप की तलाशी में प्लास्टिक के 28 कट्टों में भरा डोडा चूरा मिला। वजन कराने पर इसकी मात्रा 5 क्विंटल 11 किलो निकली, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप सहित मादक पदार्थ को जप्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में खोजबीन चल रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा के साथ एएसआई रामसिंह, सुरेंद्र सिंह, गोपाल, भंवर सिंह और चालक मनोज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मांडलगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button