BHILWARA

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 4 भट्टियां ध्वस्त, 4,800 लीटर वॉश नष्ट, 40 लीटर हथकढ़ शराब जब्त,2 महिलाएं गिरफ्तार



*पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी निरोधक दल ने गुरुवार को भीलवाड़ा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को अवैध हथकड़ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर हजारों लीटर वॉश नष्ट किया गया।

आबकारी निरोधक दल के प्रभारी विनय जोशी के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले कोठारी नदी क्षेत्र में दबिश दी। यहां दो महिलाओं को अवैध हथकड़ शराब की बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से 40 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई तथा शराब बनाने के लिए तैयार करीब 1,800 लीटर वॉश को नष्ट कर दिया गया।

इसके बाद टीम ने कुंवाड़ा खान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया। यहां छिपाकर रखा गया करीब 3,000 लीटर वॉश भी जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पूरे अभियान के दौरान आबकारी विभाग के साथ भीलवाड़ा सर्कल के सीआई आशीष शर्मा, नाथू सिंह एवं पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button