सालरा ग्राम में एक करोड़ की लागत से बनने वाली पेयजल टंकी का भूमि पूजन

BHILWARA
Spread the love



क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम- कोठारी

भीलवाड़ा, 22 मई।
भीलवाड़ा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 56 एवं 57 स्थित सालरा ग्राम में एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पेयजल टंकी का भूमि पूजन शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को किसान निधि उपलब्ध करा रही है तथा प्रत्येक परिवार तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य कर रही है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि गांव का विकास ही राष्ट्र के विकास का आधार है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भावना के अनुरूप लंबे प्रयासों के बाद इस क्षेत्र को अमृत-2 जल योजना के तहत पेयजल टंकी निर्माण की सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि टंकी निर्माण के लिए डीएमएफटी फंड से एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक कोठारी ने कहा कि इस टंकी के निर्माण से क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा तथा ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो पाएगा। उन्होंने इस कार्य में क्षेत्रवासियों के सहयोग को भी सराहा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह चौहान, खाखरा वाले देवता के पुजारी श्यामलाल एवं सत्यनारायण गुग्गड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पंडित प्रीतम व्यास ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन सम्पन्न कराया।कार्यक्रम का संचालन बाबू लाल टाक ने किया।
इस अवसर पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता किशन खोईवाल, चंबल प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता महेश चंद्र तथा सहायक अभियंता दिलराज मीणा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महावीर सेन, बद्रीलाल जाट, रामेश्वर गाडरी, भरत पाराशर, कैलाश सेन, मांगीलाल जाट, रामेश्वर लाल, भगत सेन , कैलाश सुवालका एवं प्रहलाद क़ीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक कार्यालय से एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह राठौड़, संजय राठी, शंभू वैष्णव, चेतन मानसिंहका, दिनेश सुथार एवं पृथ्वीराज सिंह  कार्यक्रम में मौजूद रहे।