कुएं में गिरा दुर्लभ वन्यजीव, वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से किया सुरक्षित रेस्क्यू

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
फूलियाकलां क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण की मिसाल देखने को मिली, जब फूलियाकलां से तसवारिया बांसा मार्ग पर स्थित एक कुएं में गिरे दुर्लभ वन्यजीव को वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद वन्यजीव को जंगल में छोड़ दिया गया।
वनपाल नाका धनोप के प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग पर स्थित कुएं में एक वन्यजीव के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कुएं में पानी भरा होने के कारण वन्यजीव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया तो पानी में एक दुर्लभ वन्यजीव दिखाई दिया, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘साही’ नाम से बताया गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी सावधानी बरतते हुए वन्यजीव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की ओर से योगेंद्र सिंह, कान्हा राम गुर्जर और भीमराज बलाई शामिल रहे। ग्रामीणों ने भी अभियान में सहयोग किया। टीम की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से वन्यजीव को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली।
घटना ने खुले और असुरक्षित कुओं के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने रखा है। ऐसे कुएं वन्यजीवों के लिए खतरा बन सकते हैं। क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही वाले स्थानों पर सुरक्षा के उपाय करना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से दुर्लभ वन्यजीव को नया जीवन मिला। समय पर सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई से वन्यजीव को सुरक्षित जंगल में पहुंचाया जा सका।



