बिजोलिया में सड़क हादसों का दिन, दो दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

केसरगंज कट पर बाइक स्लिप होने से 15 वर्षीय छात्र ने गंवाई जान, मोदी के ढाबे के पास कार की टक्कर से युवक-महिला की मौत
बिजोलिया। बिजोलिया क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। दो दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है। पहला हादसा केसरगंज कट के पास हुआ, जहां मेनाल से घूमकर कोटा लौट रहे चार दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। वहीं दूसरी घटना मोदी के ढाबे के नजदीक हुई, जहां कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक और महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस जांच में जुटी है।
मेनाल से लौटते समय हादसा, छात्र की मौत
जानकारी के अनुसार कोटा में रहने वाले चार दोस्त मेनाल घूमने के लिए निकले थे। सुबह मेनाल से घूमकर सभी दोस्त वापस कोटा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बिजोलिया के केसरगंज कट के पास एक बाइक अचानक स्लिप हो गई।

बाइक पर 15 वर्षीय शिवम पुत्र विजय सिंह राजपूत, निवासी मुज्जफरपुर, देवरिया, बिहार और उसके साथ झारखंड निवासी अर्पित सवार थे। हादसे में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अर्पित को भी चोटें आईं।
वहीं दोस्तों की दूसरी बाइक पर झारखंड निवासी मानस और बिहार निवासी कनिष्क सवार थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्पित को बिजोलिया के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
बताया गया कि शिवम कोटा में रहकर एलन कोचिंग संस्थान से जेई की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
मोदी के ढाबे के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर
इधर, बिजोलिया क्षेत्र में ही मोदी के ढाबे के नजदीक एक अन्य सड़क हादसा हो गया। यहां कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक और एक महिला की मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मृतक युवक और महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
पुलिस दोनों सड़क हादसों की परिस्थितियों की जांच कर रही है। वहीं लगातार हुए इन हादसों के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता का माहौल है।



