चुनावी रंजिश का पंचायत कार्यालय में विस्फोट! सरपंच के पदभार ग्रहण पर बवाल, समर्थक का सिर फोड़ा

शाहपुरा – मूलचन्द पेसवानी
पंचायत चुनाव की हार-जीत का असर अब गांवों की राजनीति में दिखाई देने लगा है। चुनाव संपन्न होने के बाद भी राजनीतिक रंजिश थमने का नाम नहीं ले रही। फूलियाकलां पंचायत समिति की नवगठित रूपपुरा ग्राम पंचायत में गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने सरपंच को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और धक्के देकर पंचायत कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इस दौरान सरपंच के एक समर्थक के सिर पर लकड़ी से वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित सरपंच घीसालाल भील गुरुवार सुबह करीब 10 बजे समर्थकों के साथ पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। सरपंच की ओर से दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि विपक्षी पक्ष के लोग पत्थर और लाठियां लेकर पहुंचे तथा उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। विरोध के बीच सरपंच ने पदभार ग्रहण कर लिया।
विवाद के दौरान आरोप है कि विपक्षी पक्ष के नारायण गुर्जर ने सरपंच समर्थक किशनलाल कुमावत के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया। इससे किशनलाल गंभीर घायल हो गए। उन्हें तत्काल शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया।
सरपंच घीसालाल भील ने फूलियाकलां थाने में रिपोर्ट दी। थाना प्रभारी दिनेश कुमार चैधरी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, ग्राम पंचायत के सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच शाहपुरा डीएसपी नानालाल सालवी को सौंपी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गांव में गश्त शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।



