सीएचसी शक्करगढ़ में लगाए गए 51 पौधे, प्रत्येक पर ट्री गार्ड — जनसहयोग से और बढ़ेगी हरियाली

BHILWARA
Spread the love

शक्करगढ़
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शक्करगढ़ परिसर में शुक्रवार को भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जाजपुर प्रधान कोशल किशोर शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा प्रभारी युवराज सिंह चौधरी के नेतृत्व में हुआ।

कार्यक्रम के तहत परिसर में कुल 51 पौधे रोपे गए, जिनमें अमलतास, नीम, अशोक, अमरूद, आंवला जैसे छायादार और फलदार वृक्ष शामिल हैं। पौधों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पौधे पर ट्री गार्ड लगाया गया, ताकि उन्हें जानवरों या अन्य कारणों से नुकसान न पहुंचे।

जहाजपुर प्रधान कोशल किशोर शर्मा ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए।” उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनसहयोग से और भी पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परिसर और आस-पास का क्षेत्र और अधिक हरा-भरा बनेगा।

चिकित्सा प्रभारी युवराज सिंह चौधरी ने कहा कि पौधारोपण अभियान का उद्देश्य न केवल परिसर को हरियाली से भरना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे।

इस मौके पर स्वास्थ्यकर्मीयो और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखरेख और सिंचाई समय-समय पर की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे छांव और ताजगी का संदेश दे सकें।