BHILWARA

सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ नपा का सख्त अभियान, 11.6 किलो प्लास्टिक जब्त


बिजोलिया । नगर पालिका क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक (SUP) के विरुद्ध जागरूकता और कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया गया है। भीलवाड़ा जिला कलेक्टर एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर के के गुप्ता के निर्देशन में 9 फरवरी से 28 फरवरी तक जिलेभर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।



इसी क्रम में बिजोलिया के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, बालाजी चौराहा और शकरगढ़ चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों व आमजन को नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश की गई। नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 11 किलो 600 ग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया।


यह अभियान नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें नगर पालिका का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि समझाइश के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-सुरक्षित बिजोलिया के निर्माण में सहयोग करें।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button