BHILWARA

कथा के बाद भी सेवा: मेडिसिटी ग्राउंड में श्रमदान कर कार्यकर्ताओं ने दिया स्वच्छता का संदेश



लाखों श्रद्धालुओं के बाद फैले कचरे की सफाई, विधायक अशोक कोठारी के नेतृत्व में अनूठी पहल

भीलवाड़ा । बड़े आयोजनों के बाद सफाई की जिम्मेदारी अक्सर प्रशासन पर छोड़ दी जाती है, लेकिन भीलवाड़ा में एक अलग ही मिसाल देखने को मिली। न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के समापन के बाद आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं ने खुद मैदान में उतरकर श्रमदान के माध्यम से सफाई कर स्वच्छता का अनूठा संदेश दिया।



गौरतलब है कि 8 से 14 अप्रैल तक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए थे। कथा समाप्ति के बाद मैदान में फैले कचरे को साफ करने के लिए गुरुवार सुबह आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक अशोक कुमार कोठारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता श्रमदान के लिए मैदान में पहुंचे।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ करीब एक घंटे तक सफाई अभियान चलाया, जिसमें मैदान के बड़े हिस्से से कचरा हटाया गया। इस दौरान बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

मैदान के विशाल क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए समिति ने शुक्रवार और शनिवार को भी सुबह 6:30 से 8 बजे तक श्रमदान जारी रखने का निर्णय लिया है। इस पहल को देखकर आम नागरिकों ने भी इसकी सराहना की।

विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि किसी स्थान का उपयोग करने के बाद उसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिसिटी ग्राउंड पर जब तक चिकित्सा संस्थान का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक इसे खेल मैदान के रूप में उपयोग करने के प्रयास किए जाएंगे।

श्रमदान के बाद मैदान में ही आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कथा आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। विधायक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा में भक्ति का नया इतिहास रचने वाले इस आयोजन की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की अथक सेवा और समर्पण को जाता है।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन कर आयोजन को सफलता के शिखर तक पहुंचाया।

बैठक में देवालाल गुर्जर, सत्यनारायण गुगड़, बाबूलाल टांक सहित अन्य सदस्यों ने भी विचार व्यक्त किए और टीम भावना से किए गए कार्य को अनुकरणीय बताया। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।

इस अवसर पर कन्हैयालाल स्वर्णकार, रामेश्वरलाल ईनाणी, मंजू पोखरना, हनुमान प्रसाद अग्रवाल, रामलाल योगी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button