BHILWARA

तिलस्वा घाट में खाई में गिरी मजदूरों से भरी पिकअप



राजस्थान बॉर्डर के पास कांस्या क्षेत्र में तीन मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

बिजोलिया
राजस्थान बॉर्डर के नजदीक कांस्या क्षेत्र स्थित तिलस्वा घाट मंगलवार रात एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।



पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। वाहन में पेंट की बाल्टियां भरी हुई थीं और मजदूर उन्हीं बाल्टियों के ऊपर बैठे थे। तिलस्वा घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान पेंट की बाल्टियां फटने से रंग शवों पर फैल गया, जिससे घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह हो गया।



हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश के बरेली, गाजीपुर तथा राजस्थान के जयपुर निवासी बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे।



घायलों में मोहम्मद जाकिर, इदरीस और सोमपाल शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा एवं तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकालकर सिंगोली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि रविवार को भी इसी तिलस्वा घाट पर एक ट्रेवल्स बस पलटने से करीब 30 यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है

Related Articles

Back to top button