BHILWARA

शाहपुरा में बदला मौसम का मिजाज, खेतों में बढ़ी चिंता


अपरान्ह बाद तेज बारिश संग ओलावृष्टि, आंधी से जनजीवन प्रभावित
शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा व आस पास के  क्षेत्र में सोमवार अपरान्ह बाद मौसम ने अचानक करवट बदलते हुए जोरदार हलचल मचा दी। करीब साढ़े चार बजे तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके साथ मक्की व मूंगफली के दाने के बराबर ओले भी गिरे। तेज हवाओं और आंधी के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया, जिससे लोगों को अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाहपुरा नगर सहित आसपास के करीब 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित ढीकोला, नारायणपुरा, बीलिया, आमलीकलां, मालखेड़ा और अरनिया घोड़ा गांवों में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश और ओलों का दौर जारी है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह अस्थिर बना हुआ है।
अचानक आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। काश्तकारों का कहना है कि ओलों और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। विशेष रूप से गेहूं और चने की फसल पर इसका असर पड़ सकता है।
तेज हवाओं के चलते पेड़ों की डालियां हिलती रहीं और सड़कों पर आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार यदि बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रहा, तो फसलों को और अधिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे किसानों और आमजन दोनों की चिंता बढ़ती जा रही है। काश्रूतकारों का कहना है कि बारिश व ओलावृष्टि से खेतों में कटकर रखी फसल तो खराब हो गयी व हवाओं से खड़ी फसल के दाने भी गिर गये है।

Related Articles

Back to top button