रूपपुरा को पंचायत बनाकर भाजपा ने बहाई विकास की गंगा- बैरवा

BHILWARA
Spread the love


“भाजपा को दिया साथ, अब गांव को मिलेगा विकास का पूरा हक”
रात्रि चैपाल में विधायक ने साधा पंचायत चुनाव का सियासी निशाना
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को मौके पर दिए समाधान के निर्देश

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पंचायत चुनावों की आहट के बीच ग्राम पंचायत रूपपुरा में आयोजित रात्रि चैपाल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आई। क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए रूपपुरा को पंचायत बनाने का श्रेय भाजपा सरकार को दिया और कहा कि “भाजपा ने जो वादा किया, उसे निभाकर दिखाया है। अब रूपपुरा में विकास की गंगा बहाने का काम भी भाजपा ही करेगी।”


राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार के तहत ग्राम रथ जब रूपपुरा पहुंचा तो गांव में राजनीतिक माहौल गर्म दिखाई दिया। विधायक बैरवा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पानी, सड़क, बिजली, पेंशन, खेती की जमीन के रास्ते, आवास सहित विभिन्न समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
चैपाल में विधायक बैरवा ने खुलकर भाजपा के पक्ष में मतदान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रूपपुरा के ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया था। गांव की लंबे समय से चली आ रही पंचायत बनाने की मांग को भाजपा सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि “आजादी के बाद पहली बार रूपपुरा के लोगों की भावनाओं का सम्मान हुआ है। भाजपा सरकार ने गांव को पंचायत बनाकर नई पहचान दी है।”
विधायक ने कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक गांव की अनदेखी की गई, लेकिन अब भजनलाल सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत बनने के बाद रूपपुरा में विकास कार्यों की बड़ी रूपरेखा तैयार की गई है और आने वाले समय में गांव की तस्वीर बदलती नजर आएगी।
अपने संबोधन में विधायक ने आगामी पंचायत चुनावों का संकेत देते हुए कहा कि रूपपुरा में एक बार फिर भाजपा की लहर दिखाई देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव में सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। चैपाल में विधायक ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पात्र लोगों को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सुनील मीणा, तहसीलदार भींवराज परिहार सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।