रात्रि चैपाल में जनता से सीधा संवाद, मौके पर समाधान
“अब गांव-गांव तक पहुंच रही सरकार की ताकत” – बैरवा
शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान की सियासत में गांवों तक अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद के तहत ग्राम रथ बुधवार को पंचायत समिति शाहपुरा के ग्राम मिंडोलिया पहुंचा, जहां आयोजित रात्रि चैपाल राजनीतिक रंग में रंगी नजर आई। क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने इस मंच को न केवल जनसंवाद का माध्यम बनाया, बल्कि विपक्ष पर तीखे हमले करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों का जोरदार बखान भी किया।
रात्रि चैपाल के दौरान विधायक बैरवा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पानी, सड़क, बिजली, पेंशन, खेती के रास्तों और आवास जैसी मूलभूत जरूरतों को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश देते हुए कई मामलों में त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया, जिससे जनता में संतोष नजर आया।


विपक्ष पर निशाना, सरकार की उपलब्धियों का बखान
अपने संबोधन में विधायक बैरवा ने राजनीतिक तेवर अपनाते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा की, जिसके कारण बुनियादी सुविधाएं भी लोगों को नसीब नहीं हो पाईं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने मात्र ढाई वर्षों में विकास की ऐसी रफ्तार पकड़ी है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिली।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अब “सरकार कागजों में नहीं, बल्कि गांव की चैपाल तक पहुंच चुकी है।” बैरवा ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों में बाधाएं डालने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन जनता अब जागरूक है और सच्चाई को समझती है।
“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा लाभ”
विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पात्र लोगों को भी इससे जोड़ें।
चैपाल में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों कृ उपखण्ड अधिकारी सुनील मीणा, तहसीलदार भीवंराज परिहार और विकास अधिकारी प्रकाश स्वर्णकार कृ को विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चुनावी संदेश भी साफ
चैपाल के दौरान विधायक का पूरा फोकस विकास के साथ-साथ आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर आया। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार का काम ही उसका सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा होगा और जनता विकास के आधार पर ही अपना निर्णय करेगी।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और जनता की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
