मांडल। थाना क्षेत्र के जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक हाईवे पर गाय आ जाने से टेंपो ट्रैवलर गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक सहित कई यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत एवं मेल नर्स गिरिराज पायक मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उप जिला चिकित्सालय मांडल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को आगे रेफर किया गया।
हादसे में संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) एवं विनय पोद्दार (23) घायल हुए हैं। बताया गया कि सभी यात्री सीकर से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
