बिजोलिया,( नरेश धाकड़)राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजोलिया में रविवार को 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ ब्लॉक स्तरीय समारोह के रूप में मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के तहत आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा रहे। विशिष्ट अतिथियों में भारत विकास परिषद अध्यक्ष वेद प्रकाश तिवारी, मनोज गोदा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अभिषेक शर्मा एवं हितेंद्र राजोरा उपस्थित रहे। आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग से डॉ. संजय कुमार नागर, डॉ. दुर्गाशंकर मेहर, डॉ. रिजवाना खान एवं राजकुमारी चौधरी ने विशेष सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मालीराम यादव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य दिलीप सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास का संचालन डॉ. दुर्गाशंकर मेहर, डॉ. संजय कुमार नागर, राजकुमारी चौधरी, डॉ. रिजवाना खान एवं मालीराम यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नोडल प्रभारी डॉ. संजय कुमार नागर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, अनिद्रा एवं अन्य जीवनशैली जनित रोगों के जोखिम को कम किया जा सकता है तथा वृद्धावस्था में भी व्यक्ति सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बना रह सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ वृद्धावस्था की अवधारणा को साकार करने के लिए योग सबसे सरल, सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर जीवन में सकारात्मकता एवं प्रसन्नता का संचार करता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य दिलीप सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योगाभ्यास का संकल्प दिलाया। शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।

