शाहपुरा में अर्द्ध चेटीचंड पर होगा मनोरंजन का धमाका, समाज के हर वर्ग के लिए होंगी प्रतियोगिताएं

BHILWARA
Spread the love


बच्चों से लेकर महिला-पुरुष और कपल तक होंगे प्रतियोगिताओं में शामिल, 8 अक्टूबर तक पंजीयन

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा के तत्वावधान में अर्द्ध चेटीचंड के अवसर पर 12 अक्टूबर 2026 को समाज के सभी वर्गों के लिए मनोरंजक एवं रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर सिंधी समाज में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिताओं में बच्चों, महिलाओं, पुरुषों तथा कपल के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही आयोजन में ऑन द स्पॉट सरप्राइज गेम्स, डांडिया, म्यूजिकल डांस और सिंधी गीतों पर मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे।
सिंधी पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि अर्द्ध चेटीचंड के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के लोगों को धार्मिक आयोजन के साथ मनोरंजन, खेल और आपसी मेलजोल का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक समाजबंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक प्रतिभागी 8 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित स्थानों पर अपना पंजीयन करवा सकेंगे।

बच्चों के लिए पांच प्रतियोगिताएं–
बालक-बालिका वर्ग में दो आयु वर्ग रखे गए हैं। 8 से 12 वर्ष तथा 12 से 15 वर्ष के प्रतिभागी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। इस वर्ग में चेयर रेस, नींबू रेस, गुब्बारा फोड़ो, चिट उठाना और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बच्चों के लिए खेलों के साथ डांस प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

महिला-पुरुष वर्ग में भी दिखेगा जोश-
40 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए चेयर रेस, रस्साकसी और 50 मीटर दौड़ आयोजित होगी। वहीं 40 से 55 वर्ष आयु वर्ग के पुरुषों के लिए रस्साकसी और 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। आयोजकों का कहना है कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उम्र के इस पड़ाव पर भी खेल और मनोरंजन के प्रति उत्साह को बढ़ावा मिलेगा।

कपल रेस में दिखेगा तालमेल-
कार्यक्रम में कपल रेस भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। इसमें 35 से 45 वर्ष तथा 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कपल भाग ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता में दंपती के बीच तालमेल और मनोरंजक अंदाज देखने को मिलेगा।

ऑन द स्पॉट होंगे सरप्राइज गेम्स-
आयोजन में प्रतियोगिताओं के अलावा तत्काल मनोरंजन के लिए सरप्राइज गेम्स भी रखे गए हैं। डांडिया, म्यूजिकल डांस और सिंधी गीतों पर मनोरंजन कार्यक्रम होंगे। समय उपलब्ध होने पर अन्य फनी गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। इससे आयोजन में शामिल होने वाले समाजबंधुओं को पूरे कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन का अवसर मिलेगा।

यहां कराएं पंजीयन-
प्रतिभागी लीलाराम वासवानी, झूलेलाल डेयरी के पीछे (मोबाइल 92525 05095), नरेश तोलानी, चमना बावड़ी के सामने गली (मोबाइल 80059 71800), शिल्पा सामतानी, दिलखुशाल बाग (मोबाइल 94131 14811), वर्षा मतलानी, शाहपुरा (मोबाइल 92690 95875) तथा कविता वासवानी, शाहपुरा (मोबाइल 82330 30833) के यहां 8 अक्टूबर तक पंजीयन करवा सकते हैं।
पूज्य सिंधी पंचायत के पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन करवाकर प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा अर्द्धचेटीचंड के इस आयोजन को उत्साह और उमंग के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है।