शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय, बालाजी की छतरी पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने दोनों महान नेताओं के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से देश को नई दिशा दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का आधार बनाकर सार्वजनिक जीवन में आदर्श प्रस्तुत किया। उनके विचार आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। गांधी जी के स्वच्छता, सत्य एवं अहिंसा के संदेश के साथ शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को जनजीवन में उतारने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष डॉ. इशाक खान, पार्षद नाथू कोली, किशन कहार, यूनुस खान, युवराज रैगर, चेतन रैगर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रसाद धाकड़, अर्जुन सिंह राणावत, पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना खान, रविदत्त पुण्डरीक, सोनू कायमखानी, वार्ड अध्यक्ष सोहन सोनी, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अतुल त्रिपाठी, युवा नेता अर्पित कसेरा, नाजिम, गुड्डू, भेरूलाल तेली एवं सत्यनारायण तेली सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गांधी और शास्त्री के विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें व्यवहार और सार्वजनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में सत्य, सादगी, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है।
