दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था 5 हजार का इनामी, मनासा से पकड़ा गया

BHILWARA
Spread the love

बिजौलिया नकबजनी मामले में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण खरीदने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

बिजौलिया। नकबजनी के मामले में चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में करीब दो साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी अशोक पामेचा को बिजौलिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा से पकड़ा।

पुलिस के अनुसार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। आरोपी के लंबे समय से फरार होने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार सूचनाएं जुटाईं और उसके संभावित ठिकानों की निगरानी शुरू की। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने मनासा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे बिजौलिया थाने के नकबजनी प्रकरण में गिरफ्तार किया गया।

चोरी के आभूषण खरीदने का मामला

पुलिस के मुताबिक आरोपी अशोक कुमार पिता दयाचंद जैन (74) पर बिजौलिया थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी के मामले में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने का आरोप है। आरोपी मनासा थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार, गांधी चौकी, बद्री विशाल मंदिर के पास का निवासी है।

विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि के मार्गदर्शन और भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य और मांडलगढ़ वृत्ताधिकारी योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई नरेश कुमार, कांस्टेबल हेमराम, शिवपाल और रणजीत शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल हेमराम और शिवपाल की आरोपी की गिरफ्तारी में विशेष भूमिका रही।