BHILWARA

BLO से मारपीट का मामला: नानसा जागीर में सरपंच पति पर मुकदमा दर्ज, ग्रामीणों में रोष


भीलवाड़ा । जिले के नानसा जागीर गांव में शुक्रवार देर शाम उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब मतदाता सूची से जुड़े कार्य पर तैनात BLO के साथ सरपंच पति द्वारा मारपीट किए जाने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और प्रशासन पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई। पीड़ित कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने सरपंच पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस ने बताया BLO धर्मसिंह मीणा, जो पेशे से शिक्षक हैं, गांव के राजपूत मोहल्ले में घर-घर जाकर मतदाता सूची से जुड़े प्रपत्र वितरित कर रहे थे। इसी दौरान सरपंच पति रामचंद्र सालवी वहां पहुंचे और उन्होंने मीणा से रात में पत्र बांटने व अलग-अलग जानकारी जुटाने का दबाव बनाने की कोशिश की। मीणा ने जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि वे अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार ही काम कर रहे हैं और किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।


इसी बात पर माहौल गर्म हो गया और कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सरपंच पति ने कथित रूप से BLO धर्मसिंह के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए इस विवाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने सरपंच पति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, वहीं ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!