BHILWARA

अमावस्या पर सजा ‘श्री कृष्ण भोज’, बच्चों के चेहरे खिले


दाल-पूड़ी और लापसी का स्वाद, संग बैठा पूरा विद्यालय परिवार
भामाशाहों की पहल से बढ़ी सामुदायिक भागीदारी
पीएम पोषण योजना में पोषण के साथ अपनत्व का भी स्वाद

शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
कोठियां क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खेड़ा पालोला में शुक्रवार को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत अमावस्या के अवसर पर “श्री कृष्ण भोज” का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर दाल-पूड़ी और स्वादिष्ट लापसी के व्यंजन से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया और बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय के भामाशाह पुखराज शर्मा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्या काली देवी शर्मा के सहयोग से आयोजित इस भोज में विद्यालय के समस्त बाल गोपाल ने मध्यान्ह भोजन के तहत पौष्टिक और स्वादिष्ट लापसी का आनंद लिया। भोजन के दौरान विद्यार्थियों के साथ समुदाय के सदस्य एवं विद्यालय स्टाफ भी एक साथ पंक्ति में बैठकर भोजन करते नजर आए, जिससे सामूहिकता और अपनत्व की भावना और मजबूत हुई।
कार्यक्रम प्रभारी सुनीता पारीक ने बताया कि पीएम पोषण योजना के तहत राज्य सरकार की अभिनव पहल “श्री कृष्ण भोग योजना” का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार करना और मिड डे मील में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत समय-समय पर विशेष अवसरों पर पौष्टिक एवं विशेष भोजन की व्यवस्था की जाती है।
उन्होंने बताया कि इस परंपरा में जन समुदाय, भामाशाह, प्रतिष्ठित नागरिक, तेजा मंडली एवं महिला मंडली सक्रिय रूप से भाग लेकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को भोजन कराते हैं। तेजा मंडली की ओर से वर्षों से साल में दो बार खीर-पूरी का विशेष भोज आयोजित किया जाता रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भी सहभागिता रहती है।
विद्यालय में आयोजित यह “श्री कृष्ण भोज” न केवल बच्चों के लिए स्वाद का उत्सव बना, बल्कि सामुदायिक सहयोग और सामाजिक समरसता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया।

Related Articles

Back to top button