BHILWARA

नापाखेड़ा चरागाह में अवैध खनन ग्रामीणों ने रुकवाया



दो जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो रहा था खनन, सरपंच भी पहुंचे

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@नापाखेड़ा के पाड़लिया खेजड़ी रोड के पास चरागाह भूमि पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर अवैध मिट्टी खनन रुकवाया।
ग्रामीण शिवलाल मीणा और गोरधन मीणा ने बताया कि नापाखेड़ा के हनुमान मंदिर के पीछे एक ऊँचे टीले के पास दो जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। ग्रामीणों ने खननकर्ताओं से जानकारी मांगी, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
इसके बाद ग्रामीणों ने सावर तहसीलदार और सरपंच को सूचना दी। सूचना मिलने पर नापाखेड़ा के सरपंच बंटी कुमार बलाई मौके पर पहुंचे और अवैध खनन को रुकवाया। उन्होंने मामले की जानकारी भी ली।
हरियाणा के खननकर्ताओं ने दावा किया कि नापाखेड़ा की चरागाह भूमि पर फार्म पॉन्ड का निर्माण जलग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा स्वीकृत किया गया है। हालांकि, वे इस स्वीकृति से संबंधित कोई भी सरकारी दस्तावेज या आदेश की प्रति नहीं दिखा पाए।
दस्तावेज न दिखा पाने पर ग्रामीणों ने खननकर्ताओं को जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान राजेंद्र मीणा और रंगराज मीणा सहित कई अन्य ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button