BHILWARA

*काछोला में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर*



असलम रंगरेज

काछोला। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय काछोला के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने पूरे काछोला में रैली निकालते हुए लोगों को हर घर तिरंगा फहराने एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। देशभक्ति नारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।


विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनिया स्वर्णकार के मार्गदर्शन में आयोजित तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस दौरान अभिषेक माहेश्वरी, राजकुमारी छीपा, अंजली टेपण एवं अब्दुल हफीज चौहान सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
प्रधानाचार्य सोनिया स्वर्णकार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। विद्यार्थियों की इस पहल से ग्रामीणों में भी राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button