BHILWARA

*एमजीएच में एम्बुलेंस माफिया द्वारा मारपीट करने का मामला-:*


*’हिंदू संगठन’ के नाम पर खुलेआम गुंडागर्दी, पीडित ने कलेक्टर,एसपी से लगाई न्याय की गुहार*

*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा // वस्त्रनगरी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) में एम्बुलेंस माफिया की गुंडागर्दी और लूटखसोट के मामले में पीडित ने जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। खुद को ‘हिंदू संगठन’ का बताकर सहानुभूति बटोरने वाले एंबुलेंस चालक दो सगे भाइयों ने न केवल एक बेबस तीमारदार को लूटा, बल्कि बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी अभद्रता की।

*हिंदू संगठन के नाम गुंडागर्दी और ठगी*

सोनियाणा (सहाड़ा) निवासी सुनील जाट ने जिला कलेक्टर को सौंपे परिवाद में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। सुनील की पत्नी रतनी जाट एमजीएच में गंभीर हालत में भर्ती थी, जिन्हें डॉक्टरों ने उदयपुर रेफर किया। इसी दौरान आनंद शर्मा उर्फ आलू और उसके भाई दीपक शर्मा ने सुनील को घेर लिया। आरोपियों ने खुद को ‘हिंदू संगठन’ का बताकर झांसा दिया कि “मुस्लिम समुदाय के लोगों से 10 हजार लेते हैं, तुम हिंदू हो इसलिए 4 हजार दे दो।” सुनील ने घबराहट में 4 हजार रुपये दे दिए।


*नर्सिंग स्टाफ के नाम पर माँगे 12 हजार, मना किया तो बरपाया कहर*

रुपये ऐंठने के बाद आरोपियों की भूख और बढ़ गई। उन्होंने ऑक्सीजन और नर्सिंग स्टाफ के नाम पर 12 हजार रुपये और माँगे। जब सुनील ने असमर्थता जताई और अपने 4 हजार रुपये वापस माँगकर 108 एम्बुलेंस से जाने की बात कही, तो दोनों भाई हैवानियत पर उतर आए। आरोपियों ने सुनील के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके गले से एक तोला सोने की चेन लूट ली।


*महिला के साथ अभद्रता , भीमगंज पुलिस की सुस्ती पर सवाल,आखिर किसका है पुलिस पर दबाव??*

हद तो तब हो गई जब सुनील को बचाने आई उसकी बड़ी सास अन्नु देवी के साथ भी इन गुंडों ने बदतमीजी की। आरोप है कि दोनों भाइयों ने महिला की चोटी पकडक़र घसीटा और उनके साथ अभद्रता की। पीडित का आरोप है कि इतनी संगीन वारदात के बावजूद भीमगंज थाना पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिसके चलते उसे न्याय की गुहार लगाने सीधे कलेक्टर की चौखट पर पहुँचना पड़ा।

*एम्बुलेंस माफिया के आतंक से दहशत में मरीज और उनके परिजन*

एमजीएच के बाहर सक्रिय यह एम्बुलेंस माफिया न केवल मरीजों की मजबूरी का फायदा उठा रहा है, बल्कि अब लूटपाट और छेड़छाड़ जैसी वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहा। पीडित ने कलेक्टर से मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लूटी गई चेन बरामद की जाए और भीमगंज पुलिस की लापरवाही की जांच की जाए।

Related Articles

Back to top button