विधायक कोठारी ने दी मंगलकामनाएं
भीलवाड़ा, 23 मई।
भीलवाड़ा के प्रतिभाशाली बाल गायक मास्टर औनिक जैन ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मधुर गायिकी का परचम लहराते हुए भीलवाड़ा का नाम गौरवान्वित किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन नॉर्थ दिल्ली चैप्टर द्वारा आयोजित “आगाज़ 4.0” राष्ट्रीय संगीत प्रतियोगिता में मास्टर औनिक जैन ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन देशभर के 15 शहरों में विभिन्न चरणों में किया गया, जिसमें लगभग 3000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। मास्टर औनिक जैन ने प्रारंभिक चयन चरण से लेकर अंतिम चरण तक अपनी उत्कृष्ट गायिकी से निर्णायकों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार शानू, साधना सरगम, तुलसी कुमार एवं संजय विद्यार्थी निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित रहे।
मास्टर औनिक जैन, पंकज जैन एवं प्रिया जैन के सुपुत्र हैं तथा वर्तमान में ब्रिटी स्कूल भीलवाड़ा की कक्षा सातवीं में अध्ययनरत हैं। वे पिछले कई वर्षों से शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा टी-सीरीज अकादमी में भी संगीत शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
औनिक जैन इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय जगत पूज्य गुरुदेव सुधा सागर जी महाराज के आशीर्वाद, अपने संगीत गुरु विद्या शंकर किन्नरिया एवं टी-सीरीज अकादमी के गुरुजनों को दिया। प्रतियोगिता में उन्हें स्वर्णिम ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये नकद की सम्मान राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने कार्यालय पर मास्टर औनिक जैन का अभिनंदन कर उन्हें शुभाशीष प्रदान किया तथा उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। विधायक कोठारी ने कहा कि औनिक की यह उपलब्धि न केवल भीलवाड़ा बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि औनिक भविष्य में संगीत जगत में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।
शहरवासियों एवं संगीत प्रेमियों ने भी मास्टर औनिक जैन की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
