सफाई को लेकर आमने-सामने हुए सफाईकर्मी और वार्डवासी, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

महिला सफाई कर्मचारियों ने थाने में दी रिपोर्ट, वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा परिवाद; समझाइश के बाद आपसी सहमति से हुआ समझौता
बिजौलिया। कस्बे के वार्ड नंबर 10 में सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच तनातनी का कारण बन गया। सफाई कर्मचारियों और वार्डवासियों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायतें दीं। मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हो गए। हालांकि, बाद में आपसी सहमति से विवाद का पटाक्षेप हो गया।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब नगर पालिका की महिला सफाई कर्मचारी रेखा और भावना वार्ड में सफाई कार्य कर रही थीं। दोनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि अल्ताब नामक व्यक्ति बिना वजह उनका फोटो खींचने लगा। इसका कारण पूछने पर उसने अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए धमकी दी। महिला कर्मचारियों ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इधर, वार्ड नंबर 10 के निवासियों ने भी उपखंड अधिकारी के नाम पुलिस थाने में परिवाद सौंपकर सफाई कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। वार्डवासियों का कहना है कि मोहल्ले में पिछले 10 दिनों से सफाई नहीं हो रही थी। शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारी पहुंचे तो उनसे नियमित सफाई करने का आग्रह किया गया। आरोप है कि इसी बात पर कुछ सफाई कर्मचारी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और वार्डवासियों से जातिसूचक शब्दों में अभद्रता की। परिवाद में अल्ताब और बबलू के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें सामने आने के बाद मामला गरमा गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। एएसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई और उन्होंने समझौता कर लिया। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि मानव तिवाड़ी, पार्षद कमलेश कोली सहित कई लोग मौजूद रहे।






















































