गंगापुर में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ मैराथन आयोजित, युवाओं और बच्चों में दिखा उत्साह

BHILWARA
Spread the love



गंगापुर। राजस्थान पुलिस द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार सुबह “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा सागर राणा के निर्देशन में सुबह 7 बजे आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज खटीक ने कहा कि “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” एक राष्ट्रव्यापी फिटनेस अभियान है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण के अनुकूल और स्वास्थ्यवर्धक साइकिलिंग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मैराथन को थानाधिकारी लीलाधर मालवीय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को शारीरिक रूप से सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है, ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।

मैराथन सहाड़ा चौराहा स्थित पुलिस थाना परिसर से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई सहाड़ा दरवाजा पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। विशेष रूप से युवा साथियों और बच्चों में कार्यक्रम को लेकर खासा जोश दिखाई दिया।

इस दौरान कस्बा चौकी प्रभारी जोगेन्द्र सिंह, दीवान शैतान सिंह, एएसआई नरेंद्र कुमार, विनोद, गोपाल सिंह, प्रकाश, रेवंत राम, चोखाराम, महिला कांस्टेबल श्रीमती सपना, सुश्री वर्षा, पीटीआई लक्की अग्रवाल, नवरतन चंदेल, अकरम सिंधी (टाइगर), राजमल जाट (राजू) सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।