*बारिश के पानी से पंचायत भवन और पटवार भवन के सामने जलभराव, ग्रामीणों में रोष*

BHILWARA
Spread the love



*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

बल्दरखा (भीलवाड़ा), 3 जुलाई। क्षेत्र में हुई बारिश के बाद ग्राम पंचायत बल्दरखा के पंचायत भवन एवं पटवार भवन के सामने भारी जलभराव हो गया। सड़क पर बारिश का पानी भर जाने से सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। आमजन, विद्यार्थी, महिलाएं, बुजुर्ग और किसान पानी के बीच से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत प्रशासन को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि विगत कई वर्षों से गांव की नालियों की नियमित सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण बारिश का पानी निकासी नहीं होने से सड़कों पर जमा हो जाता है और जलभराव की स्थिति बन जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी, लेकिन पंचायत प्रशासन की लापरवाही के चलते पहली ही अच्छी बारिश में पंचायत भवन और पटवार भवन के सामने सड़क तालाब में तब्दील हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय के सामने जलभराव होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। इस स्थिति के कारण सरकारी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा नालियों की तत्काल सफाई कर बारिश के पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी और नालियों की सफाई पर ध्यान दिया जाता, तो आज पंचायत भवन और पटवार भवन के सामने यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।