BHILWARA

*दो माह से बूंद-बूंद को तरसी मेहरूकलां की कालबेलिया बस्ती, 3 किमी दूर से पानी लाने को मजबूर लोग*



दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@मेहरूकलां की कालबेलिया बस्ती में पिछले दो माह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से ग्रामीण गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। नलों में पानी नहीं आने के कारण बस्ती के लोगों को पीने का पानी लाने के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में यह समस्या और अधिक विकराल हो गई है।
बस्ती की महिलाओं और पुरुषों का अधिकांश समय पानी की व्यवस्था में ही निकल जाता है। इससे दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिक कई बार समय पर काम पर नहीं पहुंच पाते और उन्हें मजदूरी से भी हाथ धोना पड़ता है।
स्थिति को और गंभीर बनाते हुए बस्ती में लगे दोनों हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़े हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेयजल लाइन के वाल्व असामाजिक तत्वों द्वारा बंद कर दिए गए हैं। वहीं कुछ लोगों ने पाइपलाइन में प्लास्टिक के कट्टे और कपड़े ठूंस दिए हैं, जिससे पूरी लाइन जाम हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंप हाउस पर कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो वाल्व ठीक किए गए और न ही पाइपलाइन की सफाई कराई गई। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण दो महीने से बस्ती के लोग पेयजल संकट झेलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जलदाय विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन की तत्काल सफाई कराकर वाल्वों को दुरुस्त किया जाए तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत कर जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!