3 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा डोडा तस्करी का आरोपी, नाकेबंदी तोड़ पुलिस पर चढ़ाई थी कार

BHILWARA
Spread the love



2023 में बिजोलिया पुलिस पर जानलेवा हमला कर फरार हुआ था आरोपी, उसी कार्रवाई में 98 किलो डोडा चूरा हुआ था बरामद

बिजोलिया। करीब तीन वर्ष पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र में पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ मिन्टू उर्फ मिन्टा निवासी पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था।

थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि जून 2023 में दर्ज प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ धारा 353, 307, 34, 120-बी भादंसं तथा 3/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी पंजाब का सजायाफ्ता अपराधी भी है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

नाकेबंदी तोड़ पुलिस पर चढ़ाई थी कार

पुलिस के अनुसार जून 2023 में बिजोलिया थाना पुलिस ने केसरगंज कट पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान लाड़पुरा की ओर से आई एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ाने का प्रयास कर दिया। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और आरोपी तेज रफ्तार में नाकेबंदी तोड़कर भाग निकले।

डाबी पुलिस ने घेरा, 98 किलो डोडा चूरा मिला

घटना की सूचना तुरंत बूंदी जिले के डाबी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सूतड़ा गांव के पास ए-श्रेणी की नाकेबंदी की गई। कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची, लेकिन पुलिस को सामने देखकर आरोपी वाहन सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए।

कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा 98 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद डाबी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, जबकि बिजोलिया थाना पुलिस ने पुलिस पर जानलेवा हमला, नाकेबंदी तोड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया था।

तीन साल तक पुलिस से बचता रहा आरोपी

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस ने गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि डोडा तस्करी गिरोह और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस का मानना है कि पूछताछ में डोडा तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।