भाविप स्वामी विवेकानंद शाखा की बैठक सम्पन्न, सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य का लिया संकल्प, 15 स्कूलों में होगा ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’

BHILWARA
Spread the love



*भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।* भारत विकास परिषद, शाखा स्वामी विवेकानंद की वर्ष 2026-27 की चतुर्थ कार्यकारिणी बैठक रविवार को शास्त्री नगर स्थित परिषद भवन में आयोजित की गई। वंदेमातरम् के उद्घोष के साथ सुबह 10.15 बजे शुरू हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में शाखा के विकास, आगामी सेवा कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए। बैठक में कुल 15 सदस्यों की गौरवमयी उपस्थिति रही। शाखा सचिव केजी सोनी ने बताया कि बैठक की शुरुआत में गत 14 जून को आयोजित हुई कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया, जिसे सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके बाद परिषद के सेवा कार्यों को गति देने पर विस्तृत चर्चा हुई।

15 स्कूलों में गूंजेगा गुरु वंदन, 29 जुलाई से आगाज

परिषद के आगामी मुख्य प्रकल्प श्गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदनश् कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इस वर्ष का प्रथम कार्यक्रम आगामी गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को आदर्श विद्या मंदिर, शास्त्री नगर से प्रारंभ होगा। इस सत्र में शाखा द्वारा क्षेत्र के कम से कम 15 विद्यालयों में इस गरिमामयी कार्यक्रम को आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, बैठक में सदस्यों के सदस्यता नवीनीकरण की फीस को लेकर भी चर्चा की गई और जिन सदस्यों की फीस बकाया है, उन्हें दूरभाष के माध्यम से अवगत कराने का निर्णय लिया गया।

नवाचार, 26 जुलाई को नेत्र सुरक्षा पर डॉक्टरों का उद्बोधन

आगामी 26 जुलाई को आयोजित होने वाली चतुर्थ साधारण सभा को इस बार विशेष नवाचार के साथ मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस सभा में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नेत्रों की रक्षा व सावधानियां विषय पर विशेष सत्र होगा, जिसमें श्नेत्र धामश् के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा महत्वपूर्ण उद्बोधन दिया जाएगा।

भवन रिनोवेशन व फिजियोथैरेपी सेंटर का विस्तार

परिषद भवन के जीर्णाेद्धार (रिनोवेशन) को लेकर भी बैठक में गंभीर मंथन हुआ। इस संबंध में पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सचिव की एक विशेष बैठक आगामी 14 जुलाई को बुलाई गई है, जिसमें प्रबंध कार्यकारिणी के साथ मिलकर आगे की कार्ययोजना तय होगी। वहीं, आमजन की सुविधा के लिए फिजियोथैरेपी सेंटर पर सहयोगी स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे अब यह स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के सातों दिन सुचारू रूप से संचालित रह सकेगी।

कुंभलगढ़ में एकदिवसीय रात्रि विश्राम व बाह्य भ्रमण

सदस्यों के आपसी सौहार्द और मनोरंजन के लिए अगस्त माह में एकदिवसीय रात्रि विश्राम के साथ बाह्य भ्रमण का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत 22 और 23 अगस्त को कुंभलगढ़ भ्रमण प्रस्तावित किया गया है। यात्रा सशुल्क रहेगी, जिसकी सूचना जल्द ही सभी सदस्यों को भेजकर उनकी स्वीकृति के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

क्रिकेट फाइनल में पहुंची टीम, 10 गरीब परिवारों की मदद का संकल्प

अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए भेरुलाल अजमेरा ने पूर्व में चयनित 10 गरीब परिवारों की सहायता के प्रकल्प पर भी प्रकाश डाला और इसे जल्द क्रियान्वित करने की बात कही, जिस पर सभी सदस्यों ने सहर्ष सहमति जताई। बैठक के अंत में सभी सदस्यों द्वारा राष्ट्रगान का गायन किया गया, जिसके बाद सभा का शांतिपूर्ण समापन हुआ।