कोटड़ी – 24 जुलाई। मुख्यमंत्री हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” संकल्प के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, किशनगढ़ के खेल स्टेडियम में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल द्वारा पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक खंडेलवाल ने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक व्यक्ति से “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में उप जिला प्रमुख शंकर लाल गुर्जर ने ग्राम किशनगढ़ में खेल स्टेडियम के निर्माण एवं क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय परिवार द्वारा विद्यालय में स्टाफ की कमी दूर करने तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ में विज्ञान संकाय के स्थान पर कला संकाय प्रारंभ कराने हेतु विधायक को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। खेल स्टेडियम परिसर में लगभग 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। ग्राम पंचायत किशनगढ़ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष लगभग 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, उप जिला प्रमुख शंकर लाल गुर्जर, किशनगढ़ सरपंच रामस्वरूप गुर्जर, जावल सरपंच अंबेश भवानी शंकर चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश पाराशर, प्राचार्य शिरीन परवीन, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
