नयानगर-जलेरी के सरकारी स्कूलों को मिली नई सौगात, पांच कक्षा-कक्ष शुरू,44.64 लाख से बने कक्ष

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया – शुभम

क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक और कदम बढ़ा। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने नयानगर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में डीएमएफटी (जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास) फंड से करीब 44.64 लाख रुपए की लागत से निर्मित चार नवीन कक्षा-कक्षों तथा जलेरी नंबर-1 स्थित विद्यालय में एक नए कक्षा-कक्ष का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद इन कक्षों को विद्यार्थियों के उपयोग के लिए विद्यालयों को सौंप दिया गया।



इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक खंडेलवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं और आमजन की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 180 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, पेयजल और चिकित्सा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिजोलिया और मांडलगढ़ में क्रमोन्नत उप जिला अस्पतालों के निर्माण कार्य जल्द शुरू होंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कुमार बंजारा, जिला कार्यकारिणी सदस्य गोवर्धन वैष्णव, पंचायत समिति सदस्य हितेंद्र राजोरा, एससीबीओ कन्हैया शर्मा, पायल लुनिवाल, हरिमोहन चित्तौड़ा, जगदीश पुरी, पंकज विजय, मुकेश धाकड़, रमेश धाकड़, गौरू बंजारा, रोडू बंजारा, घासी पटेल, शंकर बंजारा, राजू बंजारा, बूथ अध्यक्ष तारा बंजारा, बहादुर जोगी, विजय सिंह, रतन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।