BHILWARA

किशनपुरा में चोरों का आतंक, एक ही रात में 12 कुओं से लाखों की केबल चोरी; कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में रोष


बिगोद । बरूंदनी क्षेत्र के किशनपुरा गांव में अज्ञात चोरों ने सोमवार रात बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ 12 कुओं से लाखों रुपये की बिजली केबल काटकर ले गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

भारतीय किसान संघ के जिला राजस्व प्रमुख पुष्करलाल मीणा ने बताया कि बरूंदनी क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। वाहन चोरी, ट्रांसफॉर्मर चोरी, केबल चोरी और पशु चोरी जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोग परेशान हैं।

सोमवार को रात को कई कुओं से केबल चोरी हुई, जिसमें सोहनलाल धाकड़, माधुलाल धाकड़, भगवानलाल धाकड़, बालू धाकड़, हरिओम दरोगा, शांतिलाल सुनार, रामनारायण सोमाणी, छीतर धाकड़, नंदलाल धाकड़ और कन्हैयालाल धाकड़ शामिल हैं। इनमें 150 फीट से लेकर 550 फीट तक की केबल काटकर ले जाई गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 22 जुलाई को भी इसी तरह किशनपुरा क्षेत्र में कई कुओं से केबल चोरी हुई थी। उसकी रिपोर्ट थाना बिगोद में दर्ज करवाई गई थी, लेकिन आज तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की निष्क्रियता से चोर बेखौफ होते जा रहे हैं।

इस बीच किसान सोहनलाल धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा, उप अधीक्षक मांडलगढ़ और थाना बिगोद को रिपोर्ट भेजकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल खुलासा करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक विरोध के लिए मजबूर होंगे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!