BHILWARA

30 साल से सड़क का इंतजार, गंदगी और कीचड़ से नारकीय जीवन जीने को मजबूर खेजड़ियां के ग्रामीण


शक्करगढ़। शक्करगढ़ पंचायत के खेजड़ियां गांव में विकास के दावों की हकीकत सड़क पर साफ दिखाई देती है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले करीब 30 वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ, जिसके कारण बरसात के दिनों में मुख्य रास्ता कीचड़ और गंदगी से भर जाता है। घरों के बाहर पानी जमा रहने से लोगों का निकलना दूभर हो गया है और छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांव के लक्ष्मण मेघवंशी ,कालू लाल ,सरदार चंद्र प्रकाश मेघवंशी ,विपिन ,दुर्गालाल जितेंद्र  ने बताया कि कई बार पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण व जल निकासी की व्यवस्था कराने के लिए ज्ञापन और शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि दोपहिया वाहन तक निकालना मुश्किल हो जाता है और लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से गंदा पानी घरों के बाहर जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण और नाली व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके। ऐसे मामलों में ग्रामीण इलाकों में सड़क और जल निकासी की कमी बरसात के दौरान गंभीर जनस्वास्थ्य और आवागमन की समस्या पैदा करती है।

इनका कहना हे
पूर्व में यह सड़क नरेगा योजना के तहत स्वीकृति थी कार्य कराने के लिए मौके पर सामग्री भी डाल दी गई थी लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्य नहीं हो सका  वर्तमान में ग्राम पंचायत स्तर पर स्वीकृति लंबित हे जल्द ही मौके पर कार्य करवा दिया जाएगा
मनभर देवी रैगर प्रशासक ग्राम पंचायत शक्करगढ़

Related Articles

Back to top button