समरसता संकल्प अभियान के तहत भाजपा की संवाद संगोष्ठी आयोजित

BHILWARA
Spread the love


विधायक डॉ. लालाराम बैरवा बोले— ‘भ्रष्टाचार के आरोप राजनीतिक साजिश, मक्कार तत्वों को किया जाएगा बेनकाब’
संत रविदास जयंती वर्ष पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन, पंचायत-निकाय चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
शाहपुरा संवाद | शाहपुरा
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत सोमवार को शाहपुरा पंचायत समिति सभागार में संवाद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुरा एवं फुलियाकलां क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगोष्ठी में सामाजिक समरसता के संदेश के साथ आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन, उनके समरसता एवं सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा संत रविदास जयंती वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए लाए गए पवित्र कलश की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी तथा बताया कि 10 अगस्त से शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में संत रविदास जी की कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।


बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
विधायक डॉ. बैरवा ने आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का आधार मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही होते हैं।


भ्रष्टाचार के आरोपों का किया जोरदार खंडन
अपने संबोधन के दौरान विधायक डॉ. बैरवा ने हाल के दिनों में उन पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और यह उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के ही कुछ अवसरवादी एवं मक्कार प्रवृत्ति के लोग व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए ऐसे षड्यंत्र रच रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे लोग भाजपा के हितैषी नहीं बल्कि पार्टी के दुश्मन हैं और उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिष्ठा आरोप लगाने या अफवाह फैलाने से नहीं, बल्कि जनता के बीच समर्पित भाव से कार्य करने और पार्टी की विचारधारा के प्रति निष्ठा रखने से बनती है। जो कार्यकर्ता संगठन और विचारधारा के साथ ईमानदारी से जुड़ा रहता है, वही लंबे समय तक जनता का विश्वास प्राप्त करता है।
‘हर ग्राम पंचायत में कराया विकास’
डॉ. बैरवा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की लगभग सभी ग्राम पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं। सड़क, पेयजल, शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के बावजूद कुछ लोग राजनीतिक द्वेषवश उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सत्य को अधिक समय तक छिपाया नहीं जा सकता।
भावुक हुए विधायक, कार्यकर्ताओं से मांगी क्षमा
संबोधन के दौरान विधायक डॉ. बैरवा भावुक भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि जिस संगठन से वे आए हैं, वहां अनुशासन और विचारधारा सर्वोपरि रही है। राजनीति में आने के बाद भी उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच रहकर काम करने का प्रयास किया है। यदि उनके कार्यकाल में किसी कार्यकर्ता की भावना आहत हुई हो या उनसे कोई छोटी-मोटी भूल हुई हो तो वे हाथ जोड़कर सभी से क्षमा मांगते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है और वे भविष्य में भी सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करते रहेंगे।
‘जल्द बेनकाब होंगे बदनाम करने वाले’
विधायक ने कहा कि उन्हें बदनाम करने वालों को शीघ्र ही बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत एवं निकाय चुनाव में भाजपा की मूल विचारधारा में विश्वास रखने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित दावेदारों का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी पंचायत स्तर पर सर्वसम्मति बनाकर योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के नाम संगठन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
संवाद संगोष्ठी को पूर्व प्रधान गोपाल गुर्जर, पूर्व पालिकाध्यक्ष कन्हैयालाल ढाकड़ तथा भाजपा नेता नरेश व्यास ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती तथा संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कैलाश ढाकड़ ने किया। संगोष्ठी में शाहपुरा एवं फुलियाकलां क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समरसता संकल्प अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।