वरिष्ठ अधिवक्ता गोपीचंद वासवानी का निधन, विधिक जगत में शोक की लहर

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
अभिभाषक संस्था शाहपुरा के वरिष्ठ अधिवक्ता सदस्य गोपीचंद वासवानी का आज चित्तौड़गढ़ में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे विधिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने इसे न्यायिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
[metaslider id=”6401″]
गोपीचंद वासवानी लंबे समय से शाहपुरा में अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। कानून की बारीकियों में उनकी गहरी पकड़ और समाज के प्रति समर्पण के कारण वे सभी अधिवक्ताओं व न्यायालय कर्मियों में सम्मानित स्थान रखते थे। सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी वासवानी जी सदैव न्याय के लिए आवाज उठाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
[metaslider id=”6448″]
अभिभाषक संस्था के सदस्यों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वासवानी ने अपने जीवन में हमेशा ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव को प्राथमिकता दी। संस्था के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। संस्था ने कहा कि इस दुखद घड़ी में ईश्वर परिजनों को वज्रपात समान इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करे और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे।

शाहपुरा बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बताया कि वासवानी हमेशा कोर्ट परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाते थे। विवादों के समाधान में उनकी सलाह और मार्गदर्शन को सभी बड़े सम्मान के साथ स्वीकार करते थे। उनका यूँ अचानक जाना सभी को स्तब्ध कर गया है। आज बार एसोसियेशन की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह भी निरस्त कर दिया गया।



