वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हुई बारिश के बाद नालियों का कचरा सड़कों पर आया, कई इलाकों में हालात बदतर
बिजोलिया ।
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के चलते बुधवार को भी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। अल सुबह हुई बारिश से जहां नगर में मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं नगर की सफाई व्यवस्था की हकीकत भी सामने आ गई।
बारिश के बाद शहर के कई मोहल्लों और चौराहों पर नालियों में जमा कचरा बाहर आ गया, जिससे सड़कों पर गंदगी और कीचड़ फैल गया। इससे आमजन को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि पिछले चार माह से नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण बारिश होते ही हालात बिगड़ गए।
शहर के प्रमुख क्षेत्रों नगर पालिका चौक, चारण माता मंदिर रोड, तेजाजी का चौक, सब्जी मंडी मार्ग, पथिक नगर मार्ग, रोडवेज बस स्टैंड और शहर कोट के भीतर स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। कई जगह नालियां जाम हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका केवल शिकायत मिलने या फोटो भेजने के बाद ही कार्रवाई करती है, जबकि नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं होने से आमजन को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
