भीमलत मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, 26 वर्षीय युवक की मौत

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। भीमलत मार्ग पर शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बूंदी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया की पीपल्दा निवासी एवं वर्तमान में बूंदी में रह रहे कुलदीप सिंह हाड़ा (26) पुत्र गुमान सिंह हाड़ा बाइक से बूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भीमलत मार्ग पर सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल को बिजोलिया के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बूंदी रेफर कर दिया। परिजन उसे एम्बुलेंस से बूंदी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।