मनोहरपुरा विद्यालय के प्रधानाचार्य का तबादला निरस्त करने की मांग, प्रशासक ने विधायक गोपीचंद मीणा को लिखा पत्र

BHILWARA
Spread the love


शक्करगढ़

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मनोहरपुरा के प्रधानाचार्य जीवन कुमार मीणा के स्थानांतरण के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। विद्यालय के प्रशासक ने भी क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा को पत्र लिखकर प्रधानाचार्य का स्थानांतरण निरस्त करवाने की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि प्रधानाचार्य जीवन कुमार मीणा के नेतृत्व में विद्यालय में अनुशासन एवं शिक्षा का स्तर बेहतर रहा है। ऐसे में उनका स्थानांतरण होने से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

पत्र में विधायक से मांग की गई है कि जीवन कुमार मीणा का स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें पुनः मनोहरपुरा विद्यालय में पदस्थापित कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों के साथ विद्यालय के बाहर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।