*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
ग्राम पंचायत बल्दरखा के प्रशासक श्याम लाल शर्मा ने क्षेत्र की लंबे समय से बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर सांसद दामोदर अग्रवाल की जनसुनवाई में अनुशंसा पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि बस सेवा बंद होने से बल्दरखा सहित आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासक श्याम लाल शर्मा ने सांसद को दिए गए पत्र में बताया कि पहले इस मार्ग पर नियमित रोडवेज बस का संचालन होता था, जिससे विद्यार्थी, किसान, कर्मचारी, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग आसानी से भीलवाड़ा तथा अन्य स्थानों तक आवागमन कर पाते थे। बस सेवा बंद होने के बाद लोगों को निजी वाहनों या महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से रोडवेज बस सेवा पुनः शुरू करने की मांग कर रहे हैं। बस संचालन शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी, मरीजों को समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा किसानों और व्यापारियों को भी अपने कार्यों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
जनसुनवाई के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल ने श्याम लाल शर्मा की ओर से प्रस्तुत मांग को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सांसद दामोदर अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके प्रयासों से जल्द ही इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा का पुनः संचालन शुरू होगा। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा बहाल होने से बल्दरखा सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों से चली आ रही परिवहन की समस्या का समाधान हो सकेगा।
