दीपावली पर पटाखा कारोबार में बढ़ी हलचल, लाइसेंस के लिए 70 आवेदन

पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुने आवेदन, विजय सागर तालाब के पास खेल मैदान में लगेंगी अस्थाई दुकानें
बिजोलिया। आगामी दीपावली पर्व को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। त्योहार पर पटाखों की बिक्री को लेकर इस बार कारोबारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पटाखा बिक्री के लाइसेंस के लिए करीब 65 से 70 आवेदन किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी बताई जा रही है। वहीं, नगर पालिका की ओर से भी पटाखा विक्रेताओं को 20 से अधिक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए जा चुके हैं।
नगर में अस्थाई पटाखा दुकानों के संचालन के लिए विजय सागर तालाब के नजदीक स्थित छोटे खेल मैदान को चिह्नित किया गया है। यहां निर्धारित सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही पटाखों की बिक्री की शर्त रखी गई है, ताकि दीपावली के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पहली बार उपखंड कार्यालय में हुई लाइसेंस प्रक्रिया
इस बार पटाखा बिक्री के लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में भी बदलाव देखने को मिला है। पहली बार यह प्रक्रिया उपखंड कार्यालय के माध्यम से की जा रही है। इससे पहले पटाखा विक्रेताओं को लाइसेंस जिला कलक्टर कार्यालय से जारी किए जाते थे। हालांकि, अभी तक बिजोलिया में किसी भी आवेदक को पटाखा बिक्री का लाइसेंस जारी नहीं हुआ है।
पंचायतीराज चुनाव के मतदान के बाद लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कितने विक्रेताओं को पटाखा बिक्री की अनुमति मिलती है।



